पंचायत चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर नामांकन पत्र दाखिल करने से रोकने ,दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाने वाली सपा कार्यकर्ता रितु सिंह ने आज कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी महा सचिव प्रियंका गांधी की उपस्थिति में पसगवां लखीमपुर से समाजवादी पार्टी की ओर से ब्लॉक प्रमुख की उम्मीदवार रही रितु सिंह ने आज सपरिवार कांग्रेस की सदस्यता ली। पार्टी प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि रितु सिंह ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि” प्रदेश को प्रियंका गांधी जैसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो महिलाओं और आम लोगों के आत्मसम्मान और अन्याय के खिलाफ आवाज़ बुलंद कर सके। कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि पंचायत चुनाव में भाजपाई हिंसा और अभद्रता का शिकार हुई रितु सिंह से मिलने पार्टी महासचिव लखीमपुर खीरी गई थीं। हाल ही में सम्पन्न पंचायत चुनावों में , पसगवां ब्लॉक परिसर में सपा समर्थित महिला प्रत्याशी रितु सिंह व उनकी प्रस्तावक अनीता यादव को नामांकन प्रक्रिया में भाग लेने से रोका गया था ।सेमरा जानीपुर थाना पसगवां निवासी रितु सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दी गई तहरीर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर नामांकन के प्रपत्र दाखिल करने से रोकने, दोनों महिलाओं की साड़ी खींचने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था ।रितु सिंह के साथ हुई अभद्रतापूर्ण घटना के लिए जिला प्रशासन और सत्ता रूढ़ भाजपा को करारी आलोचना झेलनी पड़ी थी।

कांग्रेस के प्रवक्ता ने विपक्षी नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए कहा ” जब लखीमपुर की बेटी रितु सिंह के साथ भाजपा के गुंडे अत्याचार कर रहे थे उस
समय ये लोग क्या कर रहे थे । हमारी नेता ऐसे समय मे रितु सिंह के साथ खड़ी होती है,अन्याय के खिलाफ।इसी का परिणाम है कि प्रदेश का युवा और महिलाएं कांग्रेस के प्रभावशाली नेतृत्व में न सिर्फ अपना विश्वास व्यक्त कर रहे हैं,बल्कि जुड़ रहे हैं, यह सिलसिला अब आगे और बड़ा हो रहा है।
Report : Brijesh Shukla







Discussion about this post